रांची: बकरी बाजार में इस बार श्रद्धालुओं को तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की भव्यता और अलौकिक रूप देखने को मिलेगा। आगामी शारदीय नवरात्र दुर्गा पूजा के लिए भारतीय युवक संघ द्वारा बकरी बाजार मैदान में करीब 75 लाख रुपये की लागत से 130 फीट चौड़ा और 75 फीट ऊंचा एक विशाल पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। इस भव्य पंडाल का निर्माण पूरी तरह से पर्यावरण-अनुकूल और प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग करके किया जा रहा है। तमिलनाडु के तंजावुर स्थित विश्व धरोहर सूची में शामिल इस ऐतिहासिक शिव मंदिर के प्रारूप को पंडाल के रूप में साकार करने के लिए पश्चिम बंगाल के कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं।
पंडाल के प्रवेश द्वार पर नंदी की एक विशाल और भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो भारत में नंदी की दूसरी सबसे बड़ी प्रतिमा मानी जाती है। इसके अलावा पंडाल के गर्भगृह में 12 फीट ऊंचा विशाल शिवलिंग स्थापित होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर की मूर्तियों, दीवारों की नक्काशी और संपूर्ण रूपरेखा को प्रामाणिक लुक देने के लिए उत्कृष्ट सजावट और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, तीन महीने पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और पूजा की शुरुआत तक इसे पूरी भव्यता के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।

