झारखंडी अस्मिता और सांस्कृतिक स्वाभिमान की पहचान है करम पर्व : सुदेश महतो

धनबाद में आयोजित करम महोत्सव में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो शामिल हुए। उन्होंने कहा कि करम पर्व झारखंडी समाज की प्रकृति-दृष्टि और सांस्कृतिक स्वाभिमान की अनमोल पहचान है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

राजगंज : धनबाद के बगदाहा स्थित विनोद बिहारी महतो स्टेडियम में आयोजित करम महोत्सव में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने पारंपरिक उल्लास के साथ करम पर्व मनाया। महोत्सव को संबोधित करते हुए सुदेश ने कहा कि करम केवल पूजा और उत्सव का अवसर नहीं है। यह झारखंडी समाज की प्रकृति-दृष्टि, सामाजिक चेतना, सामूहिक जीवन और सांस्कृतिक स्वाभिमान की पहचान है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमा से नहीं, बल्कि यहां की भाषा, संस्कृति, लोकपरंपरा, पर्व-त्योहार और सामाजिक मूल्यों से बनती है। इसलिए अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना हर पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

श्री महतो ने कहा कि आज जब बदलते समय के साथ नई पीढ़ी अपनी जड़ों से दूर हो रही है, तब करम जैसे पर्व सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखने का माध्यम बन सकते हैं। युवाओं को अपनी भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, परंपरा और इतिहास से जोड़ना होगा, ताकि विकास के साथ हमारी पहचान भी मजबूत रहे।

उन्होंने कहा कि जिस समाज को अपनी संस्कृति पर गर्व नहीं होता, उसकी पहचान धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाती है। झारखंड को विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता की भी रक्षा करनी होगी।श्री महतो ने करम पर्व को सामाजिक एकता, प्रकृति संरक्षण और भाई-बहन के स्नेह का संदेश देने वाला पर्व बताते हुए सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक लंबोदर महतो, केंद्रीय सचिव संतोष महतो, केंद्रीय सचिव यशोदा देवी, केंद्रीय सचिव बानी देवी, बोकारो जिलाध्यक्ष सचिन महतो, हलधर महतो, श्रीधर महतो समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय नेता, गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के सदस्य तथा हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।