स्टॉकहोम : चिकित्सा क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार सोमवार को कार्ल डीसेरोथ, पीटर हेगेमन और जॉर्ज नागेल को देने की घोषणा की गई जिन्होंने इस बात पर अनुसंधान किया है कि मस्तिष्क व्यक्तिगत तंत्रिका कोशिकाओं (नर्व सेल्स) की गतिविधियों को चालू या बंद करने के लिए किन प्रणालियों का उपयोग करता है।

डीसेरोथ (54), हेगेमन (71) और नागेल (73) ने लाइट-गेटेड आयन चैनलों और ऑप्टोजेनेटिक्स के क्षेत्र में अनुसंधान किया है। ये वैज्ञानिक जर्मनी और अमेरिका के विश्वविद्यालयों में कार्यरत हैं। नोबेल समिति ने उनके काम की सराहना करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि इस तकनीक का उपयोग अब ‘‘मस्तिष्क के रहस्यों को उजागर करने के लिए दुनिया भर की प्रयोगशालाओं में किया जा रहा है।’’
नोबेल असेंबली के अनुसार, डीसेरोथ कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं, जबकि हेगेमन बर्लिन की हम्बोल्ट यूनिवर्सिटी में और जॉर्ज नागेल जर्मनी की वुर्ट्ज़बर्ग यूनिवर्सिटी में कार्यरत हैं। चिकित्सा समिति के सचिव थॉमस पर्लमैन ने बताया कि उन्होंने सोमवार को फोन के जरिए तीनों विजेताओं से संपर्क किया। पुरस्कार की घोषणा स्टॉकहोम के कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट में की गई, जिसके साथ ही नोबेल सप्ताह की शुरुआत हो गई।
इस वर्ष पुरस्कार राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है।


