कोलकाता : एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक सफलता और स्वर्ण पदक जीत में योगदान देने वाली दक्षिण पूर्व रेलवे की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। गार्डेन रीच स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय में एक विशेष अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग को सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने तीनों खिलाड़ियों को उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया। महाप्रबंधक ने कहा कि इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल, समर्पण और टीम भावना ने न केवल दक्षिण पूर्व रेलवे परिवार बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।
गौरतलब है कि आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। इस टीम में झारखंड से ताल्लुक रखने वाली ये तीनों खिलाड़ी दक्षिण पूर्व रेलवे में कार्यरत हैं और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार देश का नाम रोशन कर रही हैं।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।


