पणजी : गोवा मंत्रिमंडल ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष वर्ष पूरे करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शनिवार को बधाई देने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में इस अवधि में राज्य के विकास के लिए स्वीकृत कार्यों और केंद्र से मिली सहायता के तहत 32,226 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रस्ताव पढ़ा जिसमें राज्य सरकार ने जनसेवा को लेकर मोदी की सराहना की है। मोदी ने सात अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया था और इसके बाद 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री बने।

प्रस्ताव में बुनियादी ढांचे, संपर्क सुविधाओं, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और बुनियादी सेवाओं के क्षेत्र में गोवा को केंद्र से मिले सहयोग का उल्लेख किया गया। साथ ही, राज्य के विकास को आगे बढ़ाने में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग की भूमिका को भी स्वीकार किया गया। प्रस्ताव के अनुसार, गोवा को वित्त वर्ष 2014-15 से 2026-27 के बीच केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 10,457.45 करोड़ रुपये मिले। वहीं, वित्त वर्ष 2020-21 से 2026-27 के दौरान पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के तहत 50 वर्ष की अवधि के लिए 5,133.12 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया गया।
इसके अलावा, केंद्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम के तहत 16,636 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी। इस तरह प्रस्ताव में उल्लिखित केंद्रीय सहायता और स्वीकृत कार्यों की कुल राशि 32,226.57 करोड़ रुपये रही।


