नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने शनिवार को यहां पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और कहा कि “हम जेल भर देंगे”, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।
‘आप’ ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के साथ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की भी घोषणा की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने अपने कार्यालय में प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, जिससे लोग प्रदर्शन स्थल तक नहीं पहुंच सके। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए राय ने आरोप लगाया कि देश में “काला आपातकाल” जारी है। उन्होंने कहा कि छात्रों और राजनीतिक नेताओं को हिरासत में लेने से आंदोलन नहीं रुकेगा। राय ने कहा, “हम जेल जाएंगे, जेल भर देंगे, लेकिन आंदोलन जारी रहेगा।” उन्होंने कहा, “वे छात्रों और नेताओं को हिरासत में ले रहे हैं। देशभर में प्रदर्शन होंगे और जेलों में जगह कम पड़ जाएगी।” उन्होंने कहा कि देश अतीत में भी तानाशाही के नतीजे देख चुका है। प्रदर्शनकारियों ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “लोकतंत्र में तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। आप की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली पुलिस पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही है।


