घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

डिलीवरी के बाद मिली थी रकम
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार नेचर फ्रेश रिफाइंड ऑयल कंपनी के लिए मालवाहक ऑटो चलाते हैं। शुक्रवार को वह महिंद्रा अल्फा ऑटो (BR01GQ 5409) से पुनपुन बाजार में सामान की डिलीवरी देने गये थे। डिलीवरी के बाद उन्हें दुकानदार से 1,93,880 रुपये मिले थे।
चालक ने दोपहर करीब 1:30 बजे कंपनी मालिक चिराग कुमार को फोन कर रकम मिलने की जानकारी दी। इसके बाद वह ऑटो लेकर गौरीचक की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:15 बजे नाद घाट के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका वाहन रोक लिया।
विरोध करने पर सिर पर किया हमला
आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर चालक से रुपये छीनने की कोशिश की। जब वीरेंद्र कुमार ने विरोध किया, तो उनमें से एक ने पिस्टल से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में चालक घायल हो गया। बदमाश ऑटो का शीशा तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गये।
घटना के बाद चालक ने अपने मालिक को फोन कर पूरी जानकारी दी। पुलिस की डायल 112 सेवा को भी सूचना दी गई। इसके बाद वीरेंद्र कुमार गौरीचक थाने पहुंचे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें इलाज के लिए संपतचक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
दस साल से कंपनी में काम कर रहे हैं चालक
कंपनी मालिक चिराग कुमार के अनुसार, वीरेंद्र कुमार पिछले करीब दस वर्षों से उनके यहां मालवाहक ऑटो चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि डिलीवरी के बाद चालक ने दुकानदार से फोन पर उनकी बात भी कराई थी, जिससे भुगतान की पुष्टि हुई थी।
चिराग कुमार ने बताया कि कुछ देर बाद चालक का फोन आया। वह घबराया हुआ था और उसने मारपीट कर रुपये लूटे जाने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने उसे पुलिस को सूचना देने की सलाह दी और खुद भी थाने पहुंच गये।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस चालक को साथ लेकर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में कारोबारियों और मालवाहक वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता आरोपियों का पता लगाकर लूटी गई रकम बरामद करना है।


