नयी दिल्ली: आतिथ्य सत्कार क्षेत्र की कंपनी रोजिएट होटल्स एंड रिजॉर्ट्स 2030 तक 30 परिचालन वाले होटल का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कुश कपूर ने बताया कि इसके साथ ही कंपनी एक नए स्मार्ट होटल ब्रांड को पेश करने की योजना बना रही है और दुबई तथा यूरोप जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार की संभावनाएं तलाश रही है।

बर्ड ग्रुप के स्वामित्व वाला यह आतिथ्य ब्रांड लक्जरी खंड से आगे बढ़कर अत्याधुनिक चार सितारा या पांच सितारा स्मार्ट होटल की एक नई श्रेणी के साथ अपनी उपस्थिति का विस्तार करना चाहता है।
कपूर ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि इसका उद्देश्य बड़े बाजारों के साथ-साथ छोटे शहरों में बढ़ती मांग को भुनाना है।
उन्होंने बताया कि यह नया उप-ब्रांड समूह के सेवा मानकों को बनाए रखते हुए प्रौद्योगिकी और कम विकास लागत पर केंद्रित होगा। इसे अगले साल की शुरुआत में पेश किए जाने की उम्मीद है।
कपूर ने कहा, ‘‘यह उप-ब्रांड अगले साल की शुरुआत में पेश किया जाएगा, जिससे उत्पाद अलग होगा और इसे तैयार करने की लागत कम होगी। सेवा और मानकों के संदर्भ में यह बिल्कुल रोजिएट के लक्जरी मानकों के अनुरूप होगा। यह लक्जरी के बजाय अत्याधुनिक चार सितारा या पांच सितारा स्मार्ट होटल होगा।’’
कंपनी अधिक किफायती कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण आतिथ्य प्रदान करने का एक अवसर देख रही है, विशेष रूप से छोटे शहरों में जहां कपूर का मानना है कि संगठित कंपनियों के विस्तार के लिए पर्याप्त गुंजाइश है।
अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर रोजिएट सक्रिय रूप से दुबई और यूरोपीय बाजारों पर नजर बनाए हुए है, हालांकि भू-राजनीतिक अनिश्चितता निवेश के फैसलों को प्रभावित कर रही है।


