Simdega News: झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड में शुक्रवार शाम दो हाथियों के सड़क के पास पहुंचने से लोगों में दहशत फैल गई। घटना जोराम पावर हाउस के समीप की है, जहां हाथियों को देखकर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रही।
खिजुरटांड़ जंगल की ओर लौटे हाथी
सड़क के पास हाथियों की मौजूदगी से लोग सहमे हुए थे। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों हाथी खिजुरटांड़ जंगल की ओर लौट गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
वन विभाग ने लोगों से हाथियों को परेशान नहीं करने, उनके रास्ते में बाधा नहीं डालने और उनके करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचने की अपील की है। साथ ही रात में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


