रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है. फिल्म के पहले पार्ट के बाद अब दर्शकों को इसके दूसरे भाग का इंतजार है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से चर्चा में है, जिसमें दावा किया गया है कि ‘रामायण 2’ की रिलीज एक साल आगे बढ़ सकती है. पहले फिल्म को दिवाली 2027 में रिलीज किए जाने की चर्चा थी, लेकिन अब दिवाली 2028 में इसकी रिलीज की अटकलें लगाई जा रही हैं.

युद्ध के दृश्यों को तैयार करने में लगेगा ज्यादा समय
फिल्म के दूसरे पार्ट में युद्ध से जुड़े कई बड़े और भव्य दृश्य देखने को मिल सकते हैं. इन सीन्स को तैयार करने में काफी मेहनत और समय लगने की संभावना है. वायरल पोस्ट के मुताबिक, यही वजह फिल्म की रिलीज में देरी का कारण बन सकती है. हालांकि, फिल्म के निर्माताओं की ओर से रिलीज डेट में बदलाव को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पहली फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में मिल सकता है संकेत
सोशल मीडिया पर किए गए दावे के अनुसार, ‘रामायण 2’ की नई रिलीज डेट का ऐलान पहली फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में किया जा सकता है. ऐसे में दर्शकों को फिल्म के पहले पार्ट के अंत में दूसरे भाग की रिलीज से जुड़ा कोई बड़ा संकेत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दिवाली 2027 पर रिलीज हो सकती है ‘स्पिरिट’
‘रामायण 2’ की रिलीज आगे बढ़ने की चर्चा के बीच फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर भी अटकलें तेज हैं. पोस्ट में दावा किया गया है कि दिवाली 2027 का रिलीज स्लॉट अब संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ को मिल सकता है. साथ ही, यह भी कहा गया है कि रणबीर कपूर ने संभावित देरी के बारे में वांगा को पहले ही जानकारी दे दी थी. फिलहाल, दोनों फिल्मों की रिलीज तारीखों को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.


