रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में रविवार को आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। सिटी सेंटर मॉल के पास स्थित महालक्ष्मी मार्केट की एक होम डेकोरेशन शॉप में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इमारत की चौथी मंजिल तक पहुंच गईं, जबकि उठते काले धुएं को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
चौथी मंजिल पर रखा फर्नीचर जलकर राख
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महालक्ष्मी मार्केट की एक इमारत की चौथी मंजिल पर लगी। वहां रखा फर्नीचर आग की चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हुआ है।

दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद इलाके में हलचल का माहौल रहा। आग कैसे लगी और इससे कितना नुकसान हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच और आकलन के बाद सामने आने की उम्मीद है।


