असिन की बेटी अरिन बोलती है 12 भाषाएं, राहुल शर्मा ने बताया कैसे बिना मोबाइल के हो रही परवरिश

Manu Shrivastava
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बॉलीवुड अभिनेत्री असिन भले ही शादी के बाद फिल्मों से दूर हो गई हों, लेकिन उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. उनके पति और माइक्रोमैक्स के सह-संस्थापक राहुल शर्मा ने हाल ही में अपनी सात साल की बेटी अरिन रयान शर्मा की परवरिश को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करीब 12 भाषाएं समझ और बोल सकती है. राहुल ने इसके लिए अपनी पत्नी असिन को खास श्रेय भी दिया.

सात साल की उम्र में 12 भाषाओं का ज्ञान

राहुल शर्मा ने MyGov India के साथ बातचीत में बताया कि उनकी बेटी अरिन अभी सिर्फ सात साल की है, लेकिन वह कोरियन, जापानी, थाई और चीनी समेत करीब 12 भाषाएं समझ और बोल सकती है. अपनी बेटी की इस खूबी के बारे में बताते हुए राहुल ने कहा कि उन्हें खुद दो भाषाएं बोलने में भी मुश्किल होती है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे अंग्रेजी और हिंदी तक ही सीमित हैं.

बेटी को मोबाइल और टीवी से रखा दूर

राहुल शर्मा ने बताया कि उन्होंने और असिन ने अब तक अपनी बेटी को मोबाइल फोन और टेलीविजन जैसी स्क्रीन से दूर रखा है. उनके घर में किताबों को खास जगह दी गई है. राहुल के मुताबिक, उनके घर में इतनी किताबें हैं कि उनकी बेटी के स्कूल से भी ज्यादा किताबें हो सकती हैं. उनका मानना है कि अरिन की पढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया में किताबों की अहम भूमिका है.

क्लास 2 में पढ़ती हैं अरिन, घर में क्लास 8-9 की किताबें

राहुल ने बताया कि अरिन फिलहाल दूसरी कक्षा में पढ़ती हैं, लेकिन उनके घर में आठवीं और नौवीं कक्षा की किताबें भी मौजूद हैं. उन्होंने मजाक में कहा कि बेटी को सीधे दसवीं की बोर्ड परीक्षा में बैठा देना चाहिए, फिर क्या फर्क पड़ेगा. उनके इस बयान से बेटी की पढ़ाई को लेकर परिवार की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है.

 असिन को दिया बेटी की परवरिश का श्रेय

राहुल शर्मा ने बेटी की परवरिश का श्रेय असिन को देते हुए कहा कि इसमें उनकी पत्नी का बड़ा योगदान है. असिन ने राहुल शर्मा से शादी के बाद अभिनय की दुनिया से दूरी बना ली थी. अब उनकी बेटी की पढ़ाई, भाषाओं में रुचि और स्क्रीन से दूरी रखने का तरीका चर्चा का विषय बना हुआ है.

Share This Article