कोलकाता/रांची: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार और आसपास के क्षेत्रों के लिए विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से चार जोड़ी विशेष पूजा ट्रेनें चलाई जाएंगी।दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत शालिमार-दरभंगा, राउरकेला-झंझारपुर, टाटानगर-लाभा और रांची-पूर्णिया कोर्ट के बीच ये त्योहार विशेष ट्रेनें नवंबर महीने के दौरान तय तिथियों पर फेरे लगाएंगी।

शालिमार-दरभंगा-शालिमार स्पेशल (08109/08110): गाड़ी संख्या 08109 शालिमार-दरभंगा स्पेशल 3 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:15 बजे शालिमार से रवाना होगी और उसी दिन रात 21:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08110 दरभंगा-शालिमार स्पेशल 4 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक हर बुधवार को मध्यरात्रि 00:30 बजे दरभंगा से छूटकर उसी दिन दोपहर 14:30 बजे शालिमार पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव संतरागाछी स्टेशन पर रहेगा।

राउरकेला-झंझारपुर-राउरकेला स्पेशल (08105/08106): गाड़ी संख्या 08105 राउरकेला-झंझारपुर स्पेशल 5 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार शाम 19:00 बजे राउरकेला से रवाना होकर अगले दिन शाम 17:00 बजे झंझारपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08106 झांझरपुर-राउरकेला स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक हर शुक्रवार रात 21:00 बजे झंझारपुर से चलेगी और अगले दिन शाम 19:00 बजे राउरकेला पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बानो, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर होगा।
टाटानगर-लाभा-टाटानगर स्पेशल (08181/08182): गाड़ी संख्या 08181 टाटानगर-लाभा स्पेशल 5 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार दोपहर 13:00 बजे टाटानगर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 04:50 बजे लाभा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08182 लाभा-टाटानगर स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक हर शुक्रवार सुबह 05:20 बजे लाभा से प्रस्थान करेगी और उसी दिन देर रात 23:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यह ट्रेन चांडिल, मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।
रांची-पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल (08625/08626): गाड़ी संख्या 08625 रांची-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक हर शुक्रवार शाम 18:00 बजे रांची से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08626 पूर्णिया कोर्ट-रांची स्पेशल 7 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार दोपहर 15:00 बजे पूर्णिया कोर्ट से खुलकर अगले दिन सुबह 09:45 बजे रांची पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन को मुरी और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।


