आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित पीकेएस कंपनी में मजदूरों के आंदोलन की जानकारी मिलने पर जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और 17 सूत्रीय मांगों का समर्थन किया।
मजदूरों ने न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन भुगतान, पेमेंट स्लिप, वार्षिक बोनस, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान, ओवरटाइम, PF-ESI और ग्रेच्युटी समेत विभिन्न श्रमिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मजदूरों का कहना है कि इन बुनियादी सुविधाओं को लेकर उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान तरुण महतो ने कहा कि मजदूर किसी भी उद्योग की रीढ़ होते हैं। उनके परिश्रम से ही उद्योग का विकास होता है। इसके बावजूद मजदूरों को अपने वैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़े, यह गंभीर विषय है।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन और संबंधित श्रम विभाग से मजदूरों की 17 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा सकारात्मक बातचीत के माध्यम से उचित समाधान निकालने की अपील की। तरुण महतो ने कहा कि मजदूरों को उनका उचित मेहनताना, सम्मान और वैधानिक अधिकार मिलना चाहिए। मजदूरों के हक और अधिकार की लड़ाई में वे उनके साथ खड़े रहेंगे।



