हजारीबाग: रोजगार नहीं मिलने से नाराज एक युवक बुधवार को हजारीबाग के केरेडारी स्थित सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में टावर पर चढ़ गया। पहरा गांव निवासी राहुल कुमार ने MDO कंपनी सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के साइट कार्यालय परिसर में लगे ऊंचे टावर से आत्महत्या करने की चेतावनी दी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रायल पास किया, फिर भी छह महीने से ड्यूटी का इंतजार
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार ने अपने हाथ से लिखे पत्र में बताया है कि करीब छह महीने पहले उसने कंपनी का ट्रायल पास किया था। इसके बावजूद अब तक उसे ड्यूटी पर नहीं लगाया गया। युवक का आरोप है कि रोजगार देने को लेकर उसे लगातार आश्वासन मिलता रहा, लेकिन कंपनी की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।

कंपनी प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप
राहुल ने अपने पत्र में कंपनी के जीएम आर.एस. यादव को कथित वादाखिलाफी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। रोजगार को लेकर नाराजगी जताते हुए वह टावर पर चढ़ गया और इस तरह विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय रोजगार का मुद्दा फिर चर्चा में
इस घटना के बाद चंद्रगुप्त कोल परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की मांग की है। साथ ही कंपनी प्रबंधन से पूरे मामले की जांच कर रोजगार से जुड़े विवाद का निष्पक्ष समाधान करने की अपील की है। फिलहाल युवक की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।


