नई दिल्ली: पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड कंपनी ने फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज के मद्देनजर देशभर में 107 सिनेमाघरों के 150 स्क्रीन को अत्याधुनिक 3डी तकनीक से लैस किया है। इसके साथ ही कंपनी के 3डी तकनीक वाले स्क्रीन की संख्या बढ़कर 1,087 हो गई है। ‘रामायण’ फिल्म बृहस्पतिवार को देशभर में रिलीज हुई। कंपनी के कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार बिजली ने कहा कि मौजूदा 2डी स्क्रीन को 3डी तकनीक से लैस करने का उद्देश्य दर्शकों को उनके परिचित सिनेमाघरों में ही फिल्म देखने के अधिक विकल्प उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि 3डी में फिल्म देखने का अनुभव अलग होता है और कंपनी चाहती है कि अधिक दर्शक अपने स्थानीय सिनेमाघरों में इसका आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि यह निवेश बड़े पर्दे के अनुभव को नया और रोमांचक बनाए रखने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह पहल पांच क्षेत्रों में की गई है। दक्षिण भारत में 43 सिनेमाघरों के 57 पर्दों, उत्तर भारत में 29 सिनेमाघरों के 46 पर्दों, पश्चिम भारत में 12 सिनेमाघरों के 22 पर्दों, मध्य भारत में 11 सिनेमाघरों के 13 पर्दों और पूर्वी भारत में 12 सिनेमाघरों के 12 पर्दों को 3डी तकनीक से लैस किया गया है।



