अभिनेता शरद कपूर पिछले कुछ समय से अपनी चोट और काम से दूरी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने बताया कि बार्सिलोना यात्रा के दौरान फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में गंभीर चोट लग गई थी। अभिनेता के मुताबिक, वह फुटबॉल खेलने के लिए मैदान में उतरे थे, जहां टीम में कई अच्छे खिलाड़ी मौजूद थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि वह भी काफी अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन खेल के दौरान एक दूसरे खिलाड़ी से टक्कर होने के बाद उनकी चोट गंभीर हो गई।

खुद को समझने लगे थे मेसी
शरद ने इस घटना को याद करते हुए मजाकिया अंदाज में बताया कि वह मैदान पर पहुंचकर खुद को लियोनेल मेसी समझने लगे थे। उन्होंने कहा कि वह काफी आत्मविश्वास के साथ खेलने उतरे थे। इसी दौरान दूसरे खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया। टक्कर लगते ही उन्हें अंदाजा हो गया था कि चोट गंभीर है। अभिनेता के मुताबिक, डॉक्टर ने उन्हें ठीक होने के लिए दो महीने का समय लेने की सलाह दी है। फिलहाल वह रिकवरी कर रहे हैं।

आर्थिक मदद नहीं, अच्छे काम की है तलाश
चोट से उबरने के साथ शरद अब अभिनय की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से अपील की है कि उन्हें अच्छे किरदारों में काम करने का मौका दिया जाए। अभिनेता ने साफ कहा कि उन्हें पैसों की मदद नहीं चाहिए। वह केवल चाहते हैं कि लोग उनकी प्रतिभा को पहचानें और उन्हें काम का अवसर दें। उनके मुताबिक, थोड़ा सा नैतिक समर्थन भी उनके लिए काफी होगा। उन्होंने खुद को एक अच्छा अभिनेता बताते हुए इंडस्ट्री से सहयोग मांगा।
जनवरी से काम शुरू करने की उम्मीद
शरद कपूर को उम्मीद है कि वह जनवरी तक फिर से काम शुरू कर सकेंगे। वह फिल्मों के साथ टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी काम करने के इच्छुक हैं। उन्होंने नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार जैसे प्लेटफॉर्म पर भी काम करने की इच्छा जताई है।
‘जोश’ से मिली थी खास पहचान
शरद कपूर ने 1996 में फिल्म ‘दस्तक’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘लक्ष्य’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में प्रकाश शर्मा का नकारात्मक किरदार निभाकर उन्हें खास पहचान मिली थी। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर में बेस्ट एक्टर इन निगेटिव रोल की श्रेणी में नामांकन भी मिला था।


