जमीन आपकी, कागज पर नाम कब होगा? झारखंड में म्यूटेशन की सुस्त रफ्तार का चौंकाने वाला आंकड़ा

झारखंड में जमीन के दाखिल-खारिज यानी म्यूटेशन के 67 हजार से अधिक मामले लंबित, राजधानी रांची और पाकुड़ में सबसे खराब स्थिति, महीनों चक्कर काट रहे लोग।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Land Mutation Pending: झारखंड में जमीन खरीदना आसान हो सकता है, लेकिन खरीदने के बाद सरकारी रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है।

राज्य में जमीन के दाखिल-खारिज यानी म्यूटेशन की सरकारी रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में कुल 67 हजार 814 म्यूटेशन के मामले लंबित हैं। इनमें से 16 हजार 889 मामले ऐसे हैं, जो 90 दिनों से भी ज्यादा समय से अटके हुए हैं।

सबसे खराब स्थिति राजधानी रांची की है। यहां कुल 16,530 मामले लंबित हैं, जबकि 5,297 मामलों का निपटारा 90 दिनों से ज्यादा समय से नहीं हुआ है। कांके अंचल में अकेले 1,833 मामले 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं।

वहीं, पाकुड़ जिले में भी स्थिति बेहद गंभीर है। यहां 3,674 मामले लंबित हैं, जिनमें 2,120 मामले 90 दिनों से पुराने हैं।

धनबाद में 7,112 और हजारीबाग में 8,173 म्यूटेशन के मामले लंबित हैं। इनमें क्रमशः 2,018 और 1,977 मामले 90 दिनों से अधिक समय से अटके हुए हैं।

बोकारो में 1,313, गिरिडीह में 999 और चतरा में 556 मामले 90 दिनों से ज्यादा समय से लंबित हैं।

अब सवाल यह है कि जब जमीन की खरीद-बिक्री के बाद म्यूटेशन कराना जरूरी है, तो आखिर लोगों को अपने ही जमीन के कागजात दुरुस्त कराने के लिए महीनों इंतजार क्यों करना पड़ रहा है?

क्या अंचल कार्यालयों में कर्मचारियों की कमी है, अधिकारियों की लापरवाही है या फिर म्यूटेशन की प्रक्रिया में ही कोई बड़ी खामी है?

फिलहाल, इन आंकड़ों ने झारखंड की भूमि व्यवस्था और सरकारी कामकाज की रफ्तार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।