साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म राका का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म को लेकर लंबे समय से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। अब खुद अल्लू अर्जुन ने इस प्रोजेक्ट में हो रही देरी पर अपनी बात रखी है। वह हाल ही में हैदराबाद में तेलुगु फिल्म ‘आकाशमलो ओका तारा’ के प्री-रिलीज इवेंट में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म राका का जिक्र किया और माना कि फिल्म को पूरा होने में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है।

जल्दबाजी में फिल्म रिलीज नहीं करना चाहते मेकर्स
अल्लू अर्जुन ने कहा कि उन्हें इस बात का एहसास है कि राका में काफी समय लग रहा है। हालांकि, फिल्म की पूरी टीम इसे बेहतरीन बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही है। अभिनेता के मुताबिक, उनकी कोशिश है कि जब फिल्म सिनेमाघरों में आए तो दर्शकों को ऐसा अनुभव मिले, जिसकी लंबे समय तक चर्चा हो। उन्होंने फैंस से थोड़ा धैर्य रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि टीम उन्हें शानदार कंटेंट देने की पूरी कोशिश कर रही है।

एटली और दीपिका पादुकोण के साथ पहली बार काम
राका का निर्देशन एटली कर रहे हैं, जिन्होंने शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म जवान बनाई थी। फिल्म को सन पिक्चर्स प्रोड्यूस कर रहा है। पहले इस प्रोजेक्ट को #AA22xA6 के नाम से जाना जाता था, लेकिन बाद में इसका आधिकारिक टाइटल राका रखा गया। फिल्म में दीपिका पादुकोण फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी। अल्लू अर्जुन और दीपिका की जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए दर्शक काफी उत्साहित हैं।
दिसंबर 2027 में रिलीज की चर्चा
कुछ हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मेकर्स फिल्म को दिसंबर 2027 में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। वहीं, फिल्म में एक बड़े इंटरवल एक्शन सीक्वेंस की भी चर्चा है। हालांकि, अभी तक रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पुष्पा 2 की ऐतिहासिक सफलता के बाद अल्लू अर्जुन की इस फिल्म से उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में अभिनेता का यह बयान फैंस के लिए राहत भरा है।


