दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका निभाकर इतिहास रच दिया था। उनकी एक्टिंग इतनी स्वाभाविक थी कि पर्दे पर उन्हें देखकर ऐसा ही लगता था मानो खुद धोनी ही खेल रहे हों। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सुशांत ने धोनी से अनगिनत सवाल पूछे थे, जिससे एक समय पर हमेशा शांत रहने वाले क्रिकेटर का भी धैर्य डगमगा गया था।

जब धोनी को लेना पड़ गया था ब्रेक
फिल्म के प्रमोशन के दौरान सुशांत ने खुद एक मजेदार वाकया साझा किया था। उन्होंने बताया था कि शुरुआती दो-तीन दिनों तक तो धोनी ने उनके हर सवाल का बेहद शांति से जवाब दिया, लेकिन आखिरकार उन्हें कहना पड़ा कि वह थोड़ा ब्रेक चाहते हैं। सुशांत एक ही सवाल को अलग-अलग तरीकों से बार-बार पूछते थे, जिससे तंग आकर धोनी ने कहा था कि बहुत सवाल हो गए हैं, मुझे थोड़ा वक्त चाहिए।

खुद के बारे में बात करने में असहज महसूस करते हैं धोनी
इस अनुभव पर खुद महेंद्र सिंह धोनी ने भी खुलकर बात की थी। उन्होंने माना कि सुशांत यह जांचने के लिए बार-बार सवाल दोहराते थे कि उनके जवाबों में निरंतरता है या नहीं। धोनी ने स्वीकार किया कि अपने ही बारे में लगातार 15 मिनट से ज्यादा बात करना उन्हें असहज कर देता है, और वह बोर होकर वहां से उठकर चले गए थे।


