एसएससी की ऑनलाइन परीक्षा में सेंधमारी, सात राज्यों में हुई परीक्षा से 160 करोड़ रुपये कमाए थे सॉल्वर गैंग ने

SSC ऑनलाइन परीक्षा में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग का मास्टरमाइंड अमित राणा निकला। गिरोह ने सात राज्यों में 4000 अभ्यर्थियों की परीक्षा हल कर 160 करोड़ रुपये कमाए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ऑनलाइन परीक्षा में सेंधमारी करने वाले सॉल्वर गैंग का मास्टरमाइंड अमित राणा था। उसने ही परीक्षा केंद्रों के कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर प्रॉक्सी सर्वर और रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के जरिये पेपर हल कराने का पूरा नेटवर्क तैयार किया था। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में बैठकर कंप्यूटर पर सिर्फ माउस हिलाते और दूर किसी दूसरी जगह बैठे हैकर उसके सवालों के जवाब हल कर रहे होते। अनुमान है कि गिरोह ने सात राज्यों में हुई परीक्षा से 160 करोड़ रुपये कमाए थे। ये लोग एक कैंडिडेट से चार लाख रुपये लेते थे।

पता चला है कि ये लोग 4000 लोगों की परीक्षा के सवाल हल कर चुके हैं। फिलहाल इस मामले में अभी और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। 22 मई को एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने ग्रेटर नोएडा से इस गैंग के सात गुर्गों को गिरफ्तार कर भंडाफोड़ किया था। अब जांच में सामने आया है कि गैंग ने मई में ही सात राज्यों में परीक्षा सिस्टम हैक कर धांधली की थी। इनमें ग्रेटर नोएडा का एक परीक्षा केंद्र भी शामिल था।

मास्टरमाइंड ने तैयार किया था पूरा सिस्टम

ग्रेनों के बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र का संचालक प्रदीप चौहान इस तकनीक के जरिये नकल करा रहा था। उसने बताया था कि ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली का तरीका अमित राणा ने सिखाया था। अमित खुद इंजीनियर के रूप में इस नेटवर्क से जुड़ा था। उसने परीक्षा केंद्र के सर्वर को वाईफाई के माध्यम से प्रॉक्सी सर्वर से जोड़ने और स्क्रीन शेयरिंग और रिमोट एक्सेस एप्लिकेशन के इस्तेमाल का तरीका विकसित किया था। इसके जरिये परीक्षा केंद्र के कप्यूटर का कंट्रोल दूर बैठे सॉल्वर के पास पहुंच जाता था। अभ्यर्थी को केवल कंप्यूटर के सामने बैठना होता था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।