Ranchi News: खलारी के सरना एकेडमी, कुसुमटोला में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं तकनीकी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 100 विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, स्मार्ट सिटी, प्रदूषण नियंत्रण, ज्वालामुखी, मानव पाचन तंत्र, सौरमंडल, हाइड्रोलिक मशीन, स्मार्ट सिंचाई प्रणाली, विद्युत उत्पादन, रोबोटिक्स एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली को विस्तारपूर्वक समझाया और बताया कि विज्ञान किस प्रकार हमारे दैनिक जीवन को सरल एवं बेहतर बना सकता है।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक महेंद्र उरांव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का एक बेहतर माध्यम है। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें प्रयोग, अनुसंधान और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना भी है।
उपप्रधानाचार्य ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी प्रदर्शनी को लेकर काफी उत्साह देखा गया।अंत में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


