रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के चलते 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
सोरेन रांची के खेलगांव में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और अन्य व्यक्तियों की उपस्थिति में राज्य के 26वें स्थापना दिवस समारोह के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण के तहत लाखों परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम ₹10,000 की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। पहले महानगरों में काम करने वाली झारखण्ड की महिलाएं दिखती थीं, लेकिन अब राज्य में ही रोजगार व स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर करने का प्रयास हुआ है। उत्कृष्ट विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क पढ़ाई से निजी स्कूलों से बच्चों के नामांकन सरकारी स्कूलों में हो रहे हैं। कल्याण विभाग के छात्रावासों में अब सरकार बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रही है ताकि वे केवल पढ़ाई पर ध्यान दे सकें। खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा में युवाओं की अपार संभावनाएं हैं। ईमानदार सोच के साथ अबुआ सरकार निरंतर कार्य कर रही है। यह राज्य खून-पसीने से सींचा गया है, भीख में नहीं मिला है और हक-अधिकार के लिए कानूनी और राजनीतिक हर संघर्ष के लिए झारखंड सक्षम है।

Also read:अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई, पत्थर लदा ट्रैक्टर जब्त


