Ranchi News: राजधानी के मोरहाबादी वेंडिंग जोन में दुकानों के संचालन में अनियमितताएं सामने आने के बाद रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम की टीम ने शनिवार को वेंडिंग जोन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।
निरीक्षण में पता चला कि सब्जी विक्रेताओं के लिए आवंटित 36 स्थलों में से 32 पर दुकानें संचालित नहीं हो रही थीं। इसके अलावा फूड और मिसलेनियस श्रेणी की 11 दुकानों में भी नियमों की अनदेखी मिली।

आवंटित दुकानें दूसरों को किराये पर देने का मामला
जांच के दौरान सामने आया कि कई दुकानदार आवंटित दुकानों का खुद संचालन करने के बजाय उन्हें दूसरे लोगों को किराये पर दे रहे थे। नगर निगम की ओर से संबंधित दुकानदारों को पहले भी दो बार नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया।
इसके बाद सहायक नगर आयुक्त ने 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की है। अब नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस कार्रवाई से मोरहाबादी वेंडिंग जोन में दुकान आवंटन और संचालन के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कस सकता है।


