परिसीमन पर JMM की दो टूक, आदिवासी प्रतिनिधित्व बढ़ा तो साथ, झारखंड के हितों से समझौता हुआ तो विरोध

परिसीमन बिल पर जेएमएम का रुख स्पष्ट, आदिवासी प्रतिनिधित्व बढ़ने पर समर्थन और झारखंड के हितों पर असर पड़ा तो विरोध करेगी पार्टी।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : परिसीमन बिल को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपनी रणनीति के संकेत दे दिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कर दिया है कि पार्टी किसी भी फैसले में झारखंड के हितों और आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देगी। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में पार्टी के सभी छह सांसदों के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।

करीब एक घंटे तक चली बैठक में परिसीमन बिल के संभावित प्रभावों और उसके प्रावधानों पर मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने सांसदों को बिल का गंभीरता से अध्ययन करने और संसद में पार्टी की तय रणनीति के अनुसार अपनी बात रखने का निर्देश दिया।

बैठक के बाद पार्टी सांसदों ने कहा कि यदि परिसीमन के तहत झारखंड में अनुसूचित जनजाति (ST) और अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटों में आनुपातिक वृद्धि होती है, तो JMM को बिल का समर्थन करने में कोई आपत्ति नहीं होगी। लेकिन यदि इससे राज्य के हितों या आदिवासी प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल असर पड़ता है, तो पार्टी इसका विरोध करेगी।

असम के उदाहरण से सतर्क JMM

राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि परिसीमन में ST और SC की सीटों की संख्या आबादी के अनुपात में बढ़नी चाहिए। हालांकि, समर्थन को लेकर अंतिम निर्णय लेने से पहले बिल के सभी प्रावधानों को समझना जरूरी है।

वहीं, सांसद विजय हांसदा ने असम में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अपनाई गई प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठे थे। झारखंड में भी यदि ऐसी व्यवस्था लागू होती है, जिससे राज्य और यहां के लोगों के हित प्रभावित हों, तो JMM इसका विरोध करेगी।

राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने बताया कि बिल का प्रारूप उपलब्ध हो गया है। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को इसके हर पहलू का अध्ययन करने को कहा है। उन्होंने भी दोहराया कि सीटों में आनुपातिक बढ़ोतरी होने पर पार्टी को आपत्ति नहीं होगी।

संसद में चर्चा और कानूनी सलाह के बाद बनेगी रणनीति

सांसद सरफराज अहमद के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि झारखंड के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बिल पर संसद में व्यापक चर्चा कराने और विपक्षी दलों के सुझावों को भी शामिल करने की जरूरत बताई। पार्टी इसके कानूनी पहलुओं पर भी विशेषज्ञों की राय लेगी।

30 नवंबर को लोकसभा में पेश होने की संभावना

JMM के सभी सांसद रविवार को दिल्ली रवाना होंगे। केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर को लोकसभा में परिसीमन बिल पेश किए जाने की तैयारी है। ऐसे में संसद में INDIA गठबंधन के अन्य दलों के साथ भी JMM समन्वय बनाएगी।

फिलहाल पार्टी ने समर्थन या विरोध को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया है। उसका रुख पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि प्रस्तावित परिसीमन से झारखंड में आदिवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कितना बढ़ता है और राज्य के हितों पर इसका क्या प्रभाव पड़ता है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।