Dhanbad : अपराध के खिलाफ कार्रवाई और कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाने वाले धनबाद के डीएसपी प्रकाश सोय को वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर रांची में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
प्रकाश सोय को यह पदक पुलिस सेवा के दौरान उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर नेतृत्व क्षमता के लिए दिया गया है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण हालात में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनके योगदान को इस सम्मान का आधार बताया गया है। उनकी इस उपलब्धि से धनबाद पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
रांची में तैनाती के दौरान दिखाया था साहस
प्रकाश सोय वर्ष 2012 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। वर्ष 2024 में रांची में पदस्थापना के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कई महत्वपूर्ण अभियान चलाए थे। इस दौरान उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सूझबूझ और साहस के साथ पुलिस की जिम्मेदारियां निभाई थीं।
पुलिस विभाग ने उनकी सेवाओं और योगदान को देखते हुए वीरता पदक के लिए उनका चयन किया। अब झारखंड स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने के बाद उनकी उपलब्धि चर्चा में है।


