झारखंड : यह शख्स था तो होमगार्ड जवान, लेकिन काम करता था गैंगस्टर के लिए, किये कई काले कारनामे, अब गया जेल

Digital News
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : एक होमगार्ड जवान पर प्रदेश के चर्चित पांडे गिरोह के लिए लंबे अर्से से काम करने का आरोप लगा है। आरोपी होमगार्ड जवान का नाम ऋषिकेश कुमार सिंह है।

उस पर पुलिस और गैंगस्टर की धमकी देकर कई काले कारनामों और अपराध को अंजाम देने का आरोप है।

ये सभी मामले तब सामने आये, जब एक सीसीएलकर्मी कैलाश राम की 40 लाख रुपये मूल्य की जमीन को हड़पने की साजिश रचने के आरोप में होमगार्ड जवान ऋषिकेश सिंह के खिलाफ 15 जुलाई को रजरप्पा थाना में केस दर्ज किया गया।

इसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ शहर के दीनबंधु नगर निवासी ऋषिकेश कुमार सिंह, किसान नगर निवासी सुनील मोदी और चट्टी बाजार, बंगाली टोला निवासी चिंटू गुप्ता उर्फ अभिनय गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

धमकी देकर एग्रीमेंट पर करवाया गये थे हस्ताक्षर

होमगार्ड के जवान ऋषिकेश और उसके दोनों साथी सुनील मोदी और पिंटू गुप्ता पर धमकी देकर एग्रीमेंट पर जबरन हस्ताक्षर करवाने का आरोप है।

इस मामले में रजरप्पा थाना में सीसीएलकर्मी कैलाश राम की पत्नी किरण देवी ने प्राथमिकी दर्ज करायी है।

किरण देवी ने पुलिस को बताया कि वे लोग रजरप्पा कॉलोनी में रहते हैं। वे मूल रूप से गोला थाना क्षेत्र के बंदा गांव के रहनेवाले हैं।

किरण देवी ने बताया, “26 जून को ऋषिकेश अपने सात-आठ साथियों के साथ रात करीब आठ बजे उनके क्वार्टर में आया। उसने धमकी देते हुए कहा कि हम पुलिस के आदमी हैं।

साथ ही पांडे गिरोह के लिए भी काम करते हैं। उसने मेरे पति कैलाश राम से जमीन के ओरिजिनल कागजात मंगवाये।

इसके बाद उन लोगों द्वारा एग्रीमेंट पेपर बनवाकर लाया गया था, जिस पर जबरन हस्ताक्षर करवाये गये।

इस दौरान उन लोगों ने डेढ़ लाख रुपये भी उन्हें दिये। लेकिन, मेरे पति से चार ब्लैंक चेक भी हस्ताक्षर करवाकर ले लिये।

उन लोगों ने जाते समय यह धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताओगे, तो अंजाम बुरा होगा। जल्द से जल्द जमीन की रजिस्ट्री कर दो।”

किरण देवी ने पुलिस को बताया कि आपराधिक प्रवृत्ति के इन लोगों की नजर काफी दिनों से उनकी 12.6 डिसमिल जमीन पर पड़ी थी।

यह जमीन गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा घासी केनके के खाता नंबर 15, प्लॉट नंबर 110 की है। उस जमीन को रजिस्ट्री करने के लिए काफी दिनों से धमकी दी जा रही थी।

उन लोगों ने एग्रीमेंट कराने के बाद कोई भी दस्तावेज इन लोगों को नहीं दिया। साथ ही जमीन के ओरिजिनल कागजात भी लेकर चले गये।

पुलिस लाइन से पांच महीने पहले ही कर दिया गया था बर्खास्त

होमगार्ड के जवान ऋषिकेश कुमार सिंह की सेवा पुलिस लाइन में ली जा रही थी। सार्जेंट मेजर मंसू गोप ने बताया कि उस वक्त भी ऋषिकेश कुमार सिंह पर गैंगस्टर के साथ होने का आरोप लगा था, जिसके बाद उसकी सेवा बर्खास्त कर दी गयी थी।

Share This Article