तीन जगहों पर पुलिस की छापेमारी
सोमवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने खरकई नदी के किनारे अवैध बालू भंडारण की सूचना पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान सालडीह बस्ती, जयप्रकाश उद्यान और रामड़ैया बस्ती के पास नदी किनारे अलग-अलग स्थानों पर बालू से भरी बोरियां मिलीं।
पुलिस ने मौके से कुल 300 बोरियां जब्त कीं। शुरुआती पूछताछ में जानकारी सामने आई कि कुछ लोग नदी से बालू निकालकर बोरियों में भरते थे और फिर उन्हें सुनसान जगहों पर छिपाकर रखते थे।
बोरियां खुलवाकर नदी घाट पर बिखेर दिया बालू
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी बोरियों को मौके पर ही खुलवाया और उनमें भरे बालू को नदी घाट पर बिखेर दिया। इस कार्रवाई से अवैध रूप से बालू का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया।
अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की नजर
आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव और तस्करी को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


