
बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन और फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 18 साल बाद यह जोड़ी किसी नए प्रोजेक्ट के लिए साथ आई है। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘कैश’ के बाद दोनों के बीच दूरी आ गई थी, लेकिन अब पुराने मतभेद खत्म हो चुके हैं।
‘कैश’ के बाद टूट गया था संपर्क
अजय देवगन और अनुभव सिन्हा ने आखिरी बार फिल्म ‘कैश’ में साथ काम किया था। यह एक हीस्ट ड्रामा फिल्म थी, जिसमें कई बड़े कलाकार नजर आए थे। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई। इसके बाद दोनों ने लंबे समय तक साथ काम नहीं किया और बातचीत भी बंद हो गई थी।
हालांकि अनुभव सिन्हा ने पहले साफ किया था कि उनके और अजय के बीच कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। असल समस्या फिल्म के प्रोड्यूसर्स और फाइनेंशियर्स के बीच हुए मतभेदों की वजह से पैदा हुई थी।
कुमार मंगत ने कराया रीयूनियन
रिपोर्ट्स के अनुसार निर्माता कुमार मंगत ने इस पुराने मतभेद को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अजय देवगन और अनुभव सिन्हा को एक स्क्रिप्ट रीडिंग सेशन के लिए साथ बुलाया।
बताया जा रहा है कि अनुभव ने अजय को अपनी तीन स्क्रिप्ट्स में से एक सुनाई, जो अभिनेता को तुरंत पसंद आ गई। इस प्रोजेक्ट से भूषण कुमार के भी जुड़ने की चर्चा है। अजय ने निर्देशक से फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने की सलाह दी है।
बड़े स्केल की एक्शन फिल्म होगी तैयार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म अनुभव सिन्हा की पुरानी स्टाइल की बड़ी एक्शन एंटरटेनर होगी। कहा जा रहा है कि फिल्म का ट्रीटमेंट ‘दस’ और ‘रा.वन’ जैसी फिल्मों की तरह भव्य हो सकता है।
फैंस भी इस जोड़ी को लंबे समय बाद साथ देखने के लिए उत्साहित हैं।
‘गोलमाल 5’ में व्यस्त हैं अजय देवगन
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन फिलहाल रोहित शेट्टी की फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार भी नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म साल 2027 में रिलीज होगी।

