

अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर, जो वेब सीरीज ‘गिल्टी’ और ‘ग्राम चिकित्सालय’ में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं, जल्द ही अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। आलिया भट्ट की बचपन की दोस्त आकांक्षा अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड और फिल्म निर्देशक शरण शर्मा के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। शरण शर्मा ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाते हैं।





रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शादी 11 जुलाई को मुंबई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी। शादी के अगले दिन यानी 12 जुलाई को कपल अपने करीबी दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मेहमानों के लिए एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन करेगा। हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल शादी को बेहद निजी और सादगीपूर्ण रखने का फैसला किया गया है।
चार साल से रिलेशनशिप में हैं आकांक्षा और शरण
आकांक्षा रंजन कपूर और शरण शर्मा पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों ने साल 2022 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था, लेकिन हमेशा अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की सुर्खियों से दूर रखा।
हालांकि, दोनों को कई बार वेकेशन ट्रिप्स, बॉलीवुड पार्टियों और खास आयोजनों में साथ देखा गया है। एक इंटरव्यू में आकांक्षा ने अपने रिश्ते को स्वीकार करते हुए कहा था, “हां, मैं शरण के साथ रिलेशनशिप में हूं। मैंने कभी इसे छिपाया नहीं, लेकिन अपनी पर्सनल लाइफ पर सार्वजनिक रूप से ज्यादा बात करना पसंद नहीं करती।” अब फैंस इस खूबसूरत जोड़ी की शादी की तस्वीरों और समारोह की झलक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
