
बॉलीवुड अभिनेता अली फजल ने हाल ही में हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अल पचीनो से अपनी पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही वह अल पचीनो के अभिनय के प्रशंसक रहे हैं। हॉस्टल के दिनों में उन्होंने अल पचीनो की फिल्मों की सूची अपनी दीवार पर लगा रखी थी, ताकि उनकी कोई भी फिल्म देखने से छूट न जाए। उनके अभिनय और संघर्ष की कहानी अली के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रही।
आखिरी समय में पहुंचे प्रीमियर, फिर हुआ सपना पूरा
अली फजल ने बताया कि लंदन में डेथ ऑन द नाइल की शूटिंग के दौरान द आयरिशमैन के प्रीमियर में शामिल होने का मौका मिला। तारीख को लेकर हुई एक छोटी-सी गलती के कारण उन्हें आखिरी समय में सूट पहनकर कार्यक्रम स्थल तक दौड़ लगानी पड़ी। जैसे ही वह अंदर पहुंचे और पीछे मुड़े, सामने अल पचीनो मुस्कुराते हुए खड़े थे।
थिएटर और शेक्सपियर पर हुई खास बातचीत
अली फज़ल ने कहा कि यह पहली बार था जब वह किसी स्टार को देखकर सचमुच स्टारस्ट्रक हो गए थे। दिलचस्प बात यह रही कि दोनों के बीच फिल्मों से ज्यादा थिएटर और शेक्सपियर पर चर्चा हुई। अली के लिए यह मुलाकात किसी पुरस्कार से कम नहीं थी, क्योंकि उनका वर्षों पुराना सपना आखिरकार सच हो गया।

