अलका लांबा ने BJP पर आतंकियों के साथ रिश्ता होने का लगाया आरोप, कहा- सबूत के आधार पर कह रही हूं यह बात

News Aroma
6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा (National Spokesperson Alka Lamba) ने भाजपा पर आतंकवादियों के साथ रिश्ता होने का आरोप लगाया है।

लांबा शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के आतंकवादियों  के साथ रिश्तों के कई सारे सबूत भी हैं और मैं उसी सबूत के आधार पर यह कह रही हूं।

आतंकियों के साथ बीजेपी नेताओं की तस्वीरों को साझा किया

उन्होंने उन तस्वीरों को साझा करते हुए कहा कि कई आतंकवादियों (Terrorists)के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के दूसरे राजनेताओं के साथ ली गयी तस्वीरें हैं।

साथ ही उन्होंने भाजपा को चुनौती भी दी और कहा कि यदि इन बातों में सच्चाई नहीं है अथवा हम झूठ बोल रहे हैं तो केंद्रीय गृह मंत्री हमें गिरफ्तार करें।

कहा-वैश्विक दबाव में बीजेपी ने हटाया नुपूर शर्मा का विवादित बयान

उन्होंने कहा कि नुपूर शर्मा (Nupur Sharma) के विवादित बयान के बाद वैश्विक दबाव के कारण नूपुर शर्मा को भाजपा से हटाया गया। उन्होंने कहा कि नूपुर शर्मा के बयान पर ही राजस्थान में कन्हैयालाल की हत्या होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कन्हैया की हत्यारोपी रियाज अंसारी कोई और नहीं, बल्कि भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के पूर्व गृह मंत्री गुलाब कटारिया के साथ भी रियाज के संबंध हैं। उन्होंने इसकी तस्वीर भी जारी की है। इसमें रियाज भाजपा की सदस्यता लेता हुआ साफ दिख रहा है।

पूछा-कन्हैया लाल के हत्यारोपी रियाज के साथ भाजपा के क्या संबंध हैं?

उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए पूछा कि कन्हैया लाल के हत्यारोपी के साथ भाजपा के क्या संबंध हैं? राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार ने चार घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कन्हैया लाल के आश्रितों को मुआवजा दिया और कन्हैया लाल के दोनों बेटों को सरकारी नौकरी भी दी। उदयपुर कांड की एनआईए जांच कराने के फैसले का कांग्रेस पार्टी ने स्वागत किया।

मगर इसका उपयोग भाजपा नेताओं को बचाने के लिए किया जा रहा है। भाजपा वाले देश में धार्मिक उन्माद फैलाने की साजिश करते फिर रहे हैं।

‘लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी तालिब हुसैन साह भाजपा का सदस्य है’

अलका लांबा ने दूसरे खुलासे में जम्मू की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां भी तालिब हुसैन साह पकड़ा गया, जो लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी है।

ये भी भाजपा का ही सदस्य रहा है। उन्होंने गृहमंत्री के साथ तस्वीरें भी जारी की। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि हम जो सवाल पूछ रहे हैं, क्या भाजपा उसका जवाब देगी?

‘अमरावती कांड के हत्यारोपी इरफान खान का नवनीत राणा दंपति से अच्छे संबंध हैं’

तीसरे खुलासे में अलका लांबा ने महाराष्ट्र के अमरावती में हुई उमेश कोल्हे की हत्या (Umesh Kolhe murder) का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उमेश केमिस्ट था। उमेश के हत्यारोपी इरफान खान का संबंध नवनीत राणा दंपति से है और राणा दंपति के भाजपा से अच्छे संबंध हैं।

कहा-आतंकियों का सहयोगी ताहिर अहमद मीर का संबंध भी भाजपा से रहा है

अलका लांबा ने अपने चौथे खुलासे में 2020 में जम्मू में आतंकवादी के पास मिले हथियार का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि आतंकियों को मदद करने वाले ताहिर अहमद मीर का सम्बंध भी भाजपा से रहा है। ये ताहिर अहमद ने ही हिजबुल कमांडर नावेद बाबू को हथियार पहुंचाया करता था।

‘अवैध टेलीफोन एक्सचेंज मामले के मुख्य आरोपी का संबंध भाजपा के साथ रहा है’

कांग्रेसी नेता अलका लांबा ने पांचवें खुलासे में मध्य प्रदेश की घटना का जिक्र किया और कहा कि 2017 एटीएस ने अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का खुलासा किया था।

इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसके मुख्य आरोपी ध्रुव सक्सेना का संबंध भी भाजपा के साथ रहा है। इतना सब होने के बावजूद प्रधानमंत्री की चुप्पी कहीं न कहीं उनकी भी सहमति होना जता रहा है।

‘एमपी के टेरर फंडिंग का आरोपी बलराम सिंह बजरंग दल का नेता निकला’

अलका लांबा ने अपने छठे खुलासे में एमपी के टेरर फंडिंग (MP’s Terror Funding) का मामला जोड़ा गया। टेरर फंडिंग का आरोपी बलराम सिंह जो बजरंग दल का नेता निकला।

‘भाजपा नेता निरंजन होजाई पर आतंकियों को फंडिंग करने का आरोप लगा था’

अलका लांबा ने अपने सातवें खुलासे में 2017 में असम में हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें भाजपा नेता निरंजन होजाई पर आतंकियों को फंडिंग करने का आरोप लगा था। मामला कोर्ट में भी पहुंचा था।

इस घटना में भाजपा नेता को उम्रकैद हुई। उन पर एक हजार करोड़ के वित्तीय घोटाले का आरोप लगा था। भाजपा ने आतंकियों को टिकट दिया।

आतंकवादी मसूद अजहर के करीबी मोहम्मद फारुख खान (Mohd Farooq Khan) को जम्मू में वार्ड का उम्मीदवार भाजपा ने बनाया।

आतंकी मसूद अजहर को उस समय की भाजपा सरकार ने ही छोड़ा था। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आभा सिन्हा, राजीव रंजन व एम तौशिफ भी मौजूद थे।

Share This Article