नयी दिल्ली: हिंदी और कन्नड़ सिनेमा में ‘‘मिंचिना ओटा’’, ‘‘हंसगीते’’, ‘‘अंकुर’’ और ‘‘मंथन’’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को 2024 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सरकार ने बुधवार को यह घोषणा की।
पांच दशकों के फिल्मी सफर में 250 से अधिक फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता अनंत नाग (78) रंगमंच की दुनिया की भी जानी-मानी शख्सियत हैं। उन्हें भारतीय सिनेमा के इस सर्वोच्च सम्मान से 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में नवाजा जाएगा।

