
बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे ने दर्शकों से सिनेमाघरों में जाकर अलग-अलग तरह की फिल्में देखने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का अनुभव बेहद खास होता है, जिसकी तुलना किसी अन्य माध्यम से नहीं की जा सकती। हाल ही में एक बातचीत के दौरान अनन्या ने कहा कि वह खुद फिल्मों की बड़ी शौकीन हैं और हर तरह की फिल्म थिएटर में जाकर देखना पसंद करती हैं।
‘सिनेमा हॉल का अनुभव सबसे अलग’
अनन्या ने कहा, “अगर मैं लोगों से कुछ कहना चाहूं तो बस इतना कहूंगी कि सिनेमाघरों में जाकर फिल्में देखिए। इससे बेहतर कुछ नहीं है।” अभिनेत्री के अनुसार, पॉपकॉर्न और पसंदीदा ड्रिंक के साथ बड़े पर्दे पर ढाई घंटे तक किसी कहानी में खो जाना एक अनोखा अनुभव होता है। यही वजह है कि वह लोगों को थिएटर कल्चर को अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
हाल की फिल्में नहीं दिखा सकीं कमाल
अनन्या पांडे की पिछली दो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकें। इनमें रोमांटिक ड्रामा चाँद मेरा दिल और रोमांटिक कॉमेडी तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी शामिल हैं। इसके बावजूद अभिनेत्री का सिनेमा के प्रति उत्साह और प्रेम निरंतर है।
ब्यूटीवर्स इवेंट में रखी अपनी बात
अनन्या ने यह बात हाल ही में आयोजित ब्यूटीवर्स प्रोग्राम के दौरान कही। इस इवेंट में शिल्पा शेट्टी, सोनाक्षी सिन्हा, करिश्मा कपूर, जैकलीन फर्नांडीज और उर्फी जावेद समेत कई हस्तियां शामिल हुईं।

