रामनवमी पर रांची में ट्रैफिक अलर्ट! 3 दिन तक कई रास्ते बंद, जान लें जरूरी रूट प्लान

रांची में रामनवमी पर्व पर ट्रैफिक पुलिस ने 26, 27 और 28 मार्च को मार्ग बंद और डायवर्जन की व्यवस्था की, शोभा यात्रा और जुलूस को देखते हुए यात्रियों को अलर्ट किया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रामनवमी के मौके पर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने बड़ा प्लान तैयार किया है। ट्रैफिक एसपी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक 26, 27 और 28 मार्च को शहर के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। शोभा यात्रा, झांकियों और विसर्जन जुलूस को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर रोक और डायवर्जन लागू किया जाएगा।

26 मार्च को रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

26 मार्च की शाम शहर के अलग-अलग अखाड़ों से झांकियां निकलेंगी। इसे देखते हुए शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं छोटे मालवाहक वाहन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक नहीं चल सकेंगे। इसके अलावा किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक, सुभाष चौक और सुजाता चौक जैसे व्यस्त इलाकों में ऑटो, टोटो और नगर निगम की बसों का संचालन भी बंद रहेगा।

27 मार्च को मुख्य जुलूस, सबसे ज्यादा पाबंदी

27 मार्च को रामनवमी का मुख्य जुलूस निकलेगा, जिस वजह से सबसे कड़े ट्रैफिक नियम लागू रहेंगे। सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन, ऑटो और टोटो भी नहीं चल पाएंगे। वहीं दोपहर 1 बजे से जुलूस खत्म होने तक कई सड़कों पर आम वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किशोरी यादव चौक, अपर बाजार, शहीद चौक, कचहरी चौक, जेल चौक, कमिश्नर चौक, रेडियम चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, मेन रोड, चर्च रोड, कर्बला चौक, सुजाता चौक, चुटिया बाजार, राजेंद्र चौक, पिस्का मोड़ और रातु रोड जैसे इलाकों में ट्रैफिक पर पूरी तरह रोक रहेगी। इन रास्तों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

28 मार्च को विसर्जन जुलूस, फिर रहेगा असर

28 मार्च को चैती दुर्गा विसर्जन के चलते सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। विसर्जन जुलूस के रूट के अनुसार जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और बेवजह भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा और आसान आवाजाही के लिए की गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।