
रांची: राज्य में संचालित बीएड संस्थानों में बीएड, एमएड तथा बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने सूचना जारी करते हुए बताया कि बीएड, एमएड तथा बीपीएड पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की तिथि और स्थान
इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 27 मार्च तक अपने आवेदन में सुधार कर सकेंगे। अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा की तिथि से चार दिन पूर्व पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
यह परीक्षा रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग एवं चाईबासा में आयोजित की जाएगी।
ओएमआर आधारित प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग भी होगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। इस प्रकार चार प्रश्न गलत होने पर एक अंक की कटौती होगी।
पात्रता मापदंड
बीएड, एमएड तथा बीपीएड पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक या स्नातकोत्तर उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। हालांकि, स्नातक या स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं, बशर्ते नामांकन के समय वे आवश्यक अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हों।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित है। पिछड़ा वर्ग के लिए 750 रुपये तथा अनुसूचित जाति, जनजाति एवं झारखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये शुल्क तय किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है।
संस्थानों की कुल सीटों में से 85 प्रतिशत सीटों पर नामांकन झारखंड के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की मेधा सूची के आधार पर होगा। शेष 15 प्रतिशत सीटें ओपन श्रेणी की होंगी, जिनमें अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी नामांकन ले सकेंगे। 26 अप्रैल को परीक्षा आयोजित होने के बाद अगले माह परिणाम जारी होने की संभावना है। इसके बाद काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मई-जून तक नामांकन प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
