
डेस्क : मार्च का महीना खत्म होने वाला है और अब बस कुछ ही दिनों में अप्रैल 2026 की शुरुआत होने जा रही है। हर महीने की तरह इस बार भी 1 अप्रैल से देशभर में कई बड़े वित्तीय बदलाव लागू होंगे, जिनका सीधा असर आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। आइए आसान भाषा में समझते हैं इन 5 बड़े बदलावों को:
LPG, ATF और CNG-PNG के दाम
हर महीने की तरह इस बार भी 1 अप्रैल को एलपीजी सिलेंडर के दाम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण पहले से ही एलपीजी की सप्लाई प्रभावित है, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके अलावा एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) और CNG-PNG के रेट में भी बदलाव हो सकता है।
नया इनकम टैक्स नियम
1 अप्रैल से देश में आयकर अधिनियम 2025 लागू हो जाएगा, जो 1961 के पुराने कानून की जगह लेगा। इसके साथ ही टैक्स से जुड़े कई नियम बदलेंगे। सरकार का कहना है कि इससे टैक्स प्रक्रिया आसान होगी और लोगों पर बोझ कम होगा। सबसे बड़ा बदलाव फॉर्म 16 को लेकर है। अब इसकी जगह नया फॉर्म जारी किया जाएगा, जिसे आप इनकम प्रूफ के तौर पर इस्तेमाल कर सकेंगे। साथ ही, नॉन-सैलरी इनकम के लिए इस्तेमाल होने वाला फॉर्म 16A अब फॉर्म 131 के नाम से जाना जाएगा और इसे तय समय सीमा के भीतर जारी करना होगा।
HDFC, PNB और Bandhan Bank के नियम
अगर आपका खाता HDFC Bank, PNB या Bandhan Bank में है, तो ये बदलाव आपके लिए अहम हैं। HDFC Bank अब ATM से UPI के जरिए किए गए ट्रांजैक्शन को भी फ्री लिमिट में गिनेगा। लिमिट पार होने पर हर ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये शुल्क लग सकता है। PNB ने कुछ डेबिट कार्ड्स की दैनिक निकासी सीमा घटा दी है, जो अब 50,000 से 75,000 रुपये तक होगी। Bandhan Bank मेट्रो शहरों में 3 और अन्य शहरों में 5 फ्री ATM ट्रांजैक्शन देगा। इसके बाद हर ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये चार्ज लगेगा। बैलेंस कम होने पर फेल ट्रांजैक्शन पर 25 रुपये पेनल्टी भी लगेगी।
PAN कार्ड के नियम
1 अप्रैल से पैन कार्ड से जुड़े नियम भी सख्त हो सकते हैं। अब सिर्फ आधार कार्ड के जरिए पैन बनवाना या अपडेट करना संभव नहीं होगा। इसके लिए अतिरिक्त दस्तावेज देने होंगे। साथ ही, लंबित आवेदनों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे टिकट कैंसिल करना होगा महंगा
रेलवे यात्रियों के लिए भी 1 अप्रैल से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब कन्फर्म टिकट कैंसिल करने पर ज्यादा चार्ज देना होगा। नए नियम के मुताबिक, ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक कोई रिफंड नहीं मिलेगा (पहले यह 4 घंटे था)। 8 से 24 घंटे पहले कैंसिल करने पर 50% रिफंड मिलेगा, 24 से 72 घंटे पहले 25% कटेगा, जबकि 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर सबसे ज्यादा रिफंड मिलेगा। कुल मिलाकर, 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और बजट दोनों को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए पहले से ही इन नियमों को समझ लेना जरूरी है।
