
बुंडू (रांची): बुंडू बाजार का अस्पताल, जो सालों से अधूरा पड़ा था और लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया, अब जल्द ही चालू होने की संभावना में है। स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए बुंडू अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल से जुड़ी सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने साफ कहा, “अस्पताल बनकर तैयार है, इसे चालू करने में कोई देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
अस्पताल की वर्तमान स्थिति की समीक्षा में कई महत्वपूर्ण समस्याएं सामने आईं। तीन फेज बिजली कनेक्शन की कमी, अल्ट्रासाउंड मशीन का अभाव, लिफ्ट की जरूरत और टूटी हुई चहारदीवारी जैसी परेशानियों पर गंभीरता से चर्चा हुई। अस्पताल तक जाने वाले मुख्य मार्ग की खराब हालत, गेट की व्यवस्था, जांच सुविधाओं की कमी और लैब को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। विशेष रूप से, अस्पताल का मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर पूरी तरह तैयार है, लेकिन जरूरी उपकरण और संसाधनों के अभाव में इसका इस्तेमाल अब तक नहीं हो सका। वहीं, अस्पताल की सूमो गाड़ी और एम्बुलेंस भी खराब पड़ी हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सभी जरूरी संसाधनों की व्यवस्था तुरंत पूरी की जाए और अस्पताल हर हाल में चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस काम में देरी सीधे जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ होगा। बैठक में एसडीएम, चिकित्सा प्रभारी, अंचल अधिकारी और कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब बुंडू के लोग यह इंतजार कर रहे हैं कि कब उन्हें बेहतर और तुरंत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

