

मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पांडू प्रखंड के खुरा गांव में तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने घर के बाहर बैठे चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गोबिंद राम के घर के दरवाजे के पास कुछ लोग बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए निकल गई। पिकअप वैन को लाला बैठा चला रहा था।

इस हादसे में रामबचन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान सुमित्रा देवी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे खुरा गांव में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ दो लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पांडू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


