बोकारो : बोकारो जिले में शनिवार को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पत्थरकट्टा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों अधिकारियों ने नेहरू के विचारों, आदर्शों और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। बच्चों से उनके खास लगाव के कारण हर साल 14 नवंबर को उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस दिन का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में काम करने का संदेश देना है। साथ ही यह समाज को बच्चों के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी निभाने की याद भी दिलाता है।



