रांची: राजधानी रांची में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में रांची के एसएसपी (SSP) राकेश रंजन ने खुद मोर्चा संभालते हुए शनिवार को गोंदा थाना क्षेत्र के एक इलाके का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी के इस तरह अचानक पहुंचने से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के बीच हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोंदा थाना क्षेत्र के एक अर्द्धनिर्मित भवन में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार को जब एसएसपी राकेश रंजन का काफिला अचानक वहां पहुंचा, तो स्थिति देखकर सनसनी फैल गई। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद युवक अपनी मोटरसाइकिल (बाइक) और अन्य सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए।

मौके पर लावारिस हालत में मिली बाइकों को एसएसपी ने तुरंत जब्त कर लिया और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और सदर डीएसपी को तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने का सख्त आदेश जारी किया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि शहर के खाली पड़े भवनों और अर्द्धनिर्मित इमारतों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि इनका इस्तेमाल आपराधिक या असामाजिक गतिविधियों के लिए न किया जा सके।
एसएसपी राकेश रंजन ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि राजधानी में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी और अड्डेबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


