गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में डायन-बिसाही के शक में एक आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासाबूदा गांव की है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि महिला की धारदार हथियार से हमला कर जान ली गई। बताया जा रहा है कि गांव में एक बच्चे की बीमारी से मौत के बाद महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। टीम में अवर निरीक्षक संजय कुमार, गौतम कुमार और सहायक अवर निरीक्षक राहुल सिंह व सुबोध कुमार दास शामिल थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई घटना?
मृतका के पति ने बताया कि उनके गोतिया के एक बच्चे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद शुक्रवार की रात गोतिया और उसके परिवार के लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पति-पत्नी को घर से बाहर खींच लिया और दोनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
पति के मुताबिक, हमलावरों ने उन्हें भी पीटा और उनकी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किया। इसी हमले में उनकी पत्नी की जान चली गई।
पोती की आंखों के सामने ली गई दादी की जान
मृतका की पोती ने भी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि गोतिया में दादा और चाचा लगने वाले लोगों के घर में एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद गोतिया के चाचा और दादा उसके घर पहुंचे और दादी-दादा को जबरन बाहर खींच ले गए। फिर दोनों की पिटाई शुरू कर दी गई।
पोती का आरोप है कि उसकी आंखों के सामने ही दादी की हत्या कर दी गई। उसने कहा कि गोतिया के लोगों ने उसकी दादी को डायन बताकर मार डाला।
वहीं, पंचायत समिति सदस्य विकास तिवारी ने बताया कि उनकी पंचायत की एक अधेड़ आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या की गई है। उन्होंने भी डायन-बिसाही का आरोप लगाकर महिला की जान लेने की बात कही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


