झारखंड के सरकारी शिक्षकों को बड़ी राहत, ग्रेड-4 में प्रोन्नति का रास्ता साफ, जिलों को मिली सूची जारी करने की छूट

झारखंड के सरकारी प्राथमिक शिक्षकों के लिए बड़ी राहत, ग्रेड-4 में प्रोन्नति का रास्ता हुआ साफ, प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने जिलों को वरीयता सूची जारी करने की दी छूट।

Razi Ahmad
6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के सरकारी प्राथमिक शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से ग्रेड-4 में प्रोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए अब रास्ता आसान हो सकता है। प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार रंजन ने स्पष्ट किया है कि ग्रेड-1 से ग्रेड-4 में प्रोन्नति देने पर राज्य स्तर से कोई रोक नहीं है। जिला स्थापना समिति अपने स्तर से शिक्षकों की वरीयता सूची तैयार कर प्रकाशित कर सकती है।

निदेशक ने शिक्षकों को अपने-अपने जिले के जिला शिक्षा अधीक्षक (DSЕ) से संपर्क करने और वरीयता सूची जारी कराकर प्रोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध करने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी जिले में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो इसकी जानकारी प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को दी जा सकती है। निदेशालय की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

दरअसल, 10 नवंबर 2026 को झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू के नेतृत्व में सचिवालय में प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार रंजन से मिला था। इस दौरान शिक्षकों की लंबित समस्याओं और विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेड-1 से ग्रेड-4 में प्रोन्नति, ग्रेड-1 से ग्रेड-2 में कालबद्ध प्रोन्नति और अंतरजिला स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग उठाई थी।

ग्रेड-7 की प्रोन्नति पर हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार

ग्रेड-7 में प्रोन्नति को लेकर निदेशक ने बताया कि यह मामला फिलहाल झारखंड हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में इस मामले में अभी यथास्थिति बनी रहेगी।

वहीं, अंतरजिला और अंतर्जिला स्थानांतरण के संबंध में निदेशक ने बताया कि कुछ आवश्यक बिंदुओं पर समाधान और मार्गदर्शन के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। विभाग से जवाब मिलने के बाद स्थानांतरण की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये शिक्षक थे शामिल

इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू, जिला अध्यक्ष शंकर लकड़ा, जिला कोषाध्यक्ष जीवर उरांव और जिला कार्यकारिणी सदस्य विजयमन भगत शामिल थे।

शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई है कि निदेशक के सकारात्मक आश्वासन के बाद विभिन्न जिलों में ग्रेड-4 प्रोन्नति और वरीयता सूची जारी करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इससे लंबे समय से प्रोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे योग्य शिक्षक-शिक्षिकाओं को राहत मिल सकेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।