

लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गेरेंजा-हरफू में एनटीपीसी अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने 15 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, इस मामले में ग्रामीणों की ओर से भी कंपनी के महाप्रबंधक आनंद अग्रवाल के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गेरेंजा-हरफू गांव में एनटीपीसी के महाप्रबंधक आनंद अग्रवाल समेत छह कर्मचारियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि कंपनी की ओर से बिना ग्रामसभा की अनुमति के ड्रोन सर्वे कराया जा रहा था। इसी का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने सर्वे करने पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों को रोक लिया था।
इस मामले में कंपनी के एजीएम टी. पेरुमल के आवेदन पर बालूमाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें आजसू नेता शंकर उरांव, देवनाथ उरांव, कमलेश्वर उरांव, शिबू गंझू, पवन उरांव, मंगलदेव उरांव, पियूष गंझू, राजू उरांव, कुशी यादव, सुनील उरांव, कार्तिक उरांव, अजय उरांव और अपिल कुमार प्रजापति समेत कुल 15 ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया है।
वहीं, ग्रामीणों ने भी एनटीपीसी के जीएम आनंद अग्रवाल के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। ग्रामीणों की ओर से कंपनी के अधिकारी पर लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस पूरे विवाद के बाद एनटीपीसी और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति को लेकर चर्चा तेज है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


