बोकारो: चंदनकियारी प्रखंड के फुसरो गांव में आयोजित दो दिवसीय बूढ़ी बांदना उत्सव सह विराट मेला शुक्रवार को धूमधाम से संपन्न हो गया। मेले में पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समापन समारोह में डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फुसरो सोलह आना दिगर की ओर से आयोजित इस मेले में ग्रामीण संस्कृति, पशुधन परंपरा और लोककलाओं की अनूठी झलक देखने को मिली। फुटबॉल टूर्नामेंट में रोहित इलेवन, पालजो (जयपुर, बंगाल) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 80 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता जयदीप इलेवन, बौआ टुंगरी (चंदनकियारी) को 60 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विधायक जयराम महतो ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोकपरंपराओं को बचाकर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ ग्रामीण परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मेले के पहले दिन 12 नवंबर को सुबह पारंपरिक काड़ा यानी भैंसा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए थे। इसके बाद रात में छऊ नृत्य का आयोजन हुआ। इसमें असमिया छऊ नृत्य दल और काशीडीह मुखौटा छऊ नृत्य पार्टी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं, शुक्रवार को मुर्गा प्रतियोगिता के बाद शिवदुर्गा महिला छऊ समिति की ओर से महिला छऊ नृत्य प्रस्तुत किया गया। नृत्य शिल्पी सोनाली महतो सहित अन्य कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रात में राजू साहिस और जननी नाइट की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य मंटूलाल महतो, जेएलकेएम नेता अर्जुन रजवार, कमेटी के श्रीपति महतो, देवेंद्रनाथ महतो, त्रिवेणी महतो, परीक्षित मोदी, कृष्ण पद रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। दो दिवसीय आयोजन ने क्षेत्र में लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत की जीवंत तस्वीर पेश की।


