चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में शुक्रवार की शाम एक बड़ा अग्निकांड हो गया। टोकलो रोड स्थित चुन-चुन टाल के स्क्रैप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में गोदाम में रखा 50 ट्रक से अधिक स्क्रैप सामान जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम गोदाम में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग को तेजी से फैलता देख स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि दो दमकल वाहनों से आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद चाईबासा से अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
इस दौरान गोदाम में रखे स्क्रैप सामान में आग तेजी से फैलती चली गई। आग के बीच तीन से अधिक बार जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी आग के घरों तक पहुंचने की आशंका से परेशान रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक सुखराम उरांव भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, आग के कारण टोकलो रोड पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया।
काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश स्क्रैप सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।


