

रांची: गुमला के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी बच्ची द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को भाजपा रांची महानगर जिला के कार्यकर्ताओं ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धुर्वा थाने का घेराव किया।
महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि नाबालिग बच्ची की ओर से लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। यह मामला केवल एक पीड़िता के न्याय का नहीं, बल्कि समाज में बेटियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भरोसे से भी जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं। किसी व्यक्ति का राजनीतिक पद या प्रभाव कानूनी कार्रवाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। पुलिस प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी विधायक की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की भी मांग की।
वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्ची से जुड़े यौन शोषण के आरोप बेहद संवेदनशील हैं। उन्होंने पुलिस से बिना किसी राजनीतिक दबाव के जांच करने और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए भाजपा महिला मोर्चा अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने, उसे उचित सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की।
भाजपा रांची महानगर जिला ने चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता और मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
इस घेराव कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुबोध सिंह गुड्डू, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, उमेश यादव, राजू सिंह, संकेत तिवारी, बीना मिश्रा, अनीता वर्मा, इंद्रजीत यादव, दिव्या साहू, शंकर दुबे, गीता गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


