

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। आगामी त्योहारों को देखते हुए शुक्रवार को विभाग की टीम ने कराईकेला थाना क्षेत्र के कोईतुका गांव में छापेमारी की। इस दौरान 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने गांव के दुर्गम इलाकों में पहुंचकर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में दो भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरी ओर उपायुक्त के निर्देश पर चक्रधरपुर के भगत सिंह चौक स्थित कंपोजिट शराब दुकान का भी औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शराब की बिक्री निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य यानी एमआरपी पर ही की जाए। इसके अलावा दुकान का संचालन सरकारी नियमों और लाइसेंस की शर्तों के अनुसार करने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


