रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर इलाके में देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर नामक युवक के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके ही एक दोस्त पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोकर के गढ़ाटोली के पास एक होटल में कुछ दोस्त खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच आपसी विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर एक दोस्त ने तनवीर पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी युवक मौके से फरार है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


