रांची: झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा अपनी मांगों को लेकर बिरसा चौक पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन शुरू करने जा रहा है। आंदोलन की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन और मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल के बीच एडीएम कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान प्रशासन ने आंदोलनकारियों से प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से करने और छठ महापर्व के दौरान व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने की अपील की। झारखंड आंदोलनकारी पुष्कर महतो ने बताया कि बैठक में एडीएम डॉ. धनंजय ने मोर्चा के प्रतिनिधियों से आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से चलाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने खास तौर पर कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए व्रतियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री मांगों को लेकर संवेदनशील: एडीएम
पुष्कर महतो के मुताबिक, एडीएम ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर संवेदनशील हैं और जल्द ही कोई सकारात्मक रास्ता निकल सकता है। बैठक में पुष्कर महतो के अलावा सूरज प्रसाद जायसवाल, अंथन लकड़ा, अनिल पॉल, विनीत लकड़ा, दिवाकर साहू, रंजनी कंडुलना, बेली बलवंती एक्का, रेखा देवी, आशा कच्छप, सिमोन तिग्गा और यशायाह तिग्गा मौजूद थे।



